शहीद के परिजनों से कलेक्टर एवं एस.पी. ने की आत्मीय बातचीत जिला प्रशासन को अपना ही परिवार समझे-कलेक्टर
शहीद के परिजनों से कलेक्टर एवं एस.पी. ने की आत्मीय बातचीत
जिला प्रशासन को अपना ही परिवार समझे-कलेक्टर
गरियाबंद 15 अगस्त 2020/ स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर आज गरियाबंद जिले के शहीद परिवारों से जिला प्रशासन ने आत्मीयता से चर्चा कर उनकी समस्याओं को सुना और समाधान भी किया । स्वतंत्रता दिवस समारोह के गरिमामय आयोजन के पश्चात पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभा कक्ष में कलेक्टर श्री छतर सिंह डेहरे, पुलिस अधीक्षक श्री बी.आर. पटेल ने जिले के शहीद परिवारों से बातचीत की। जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर श्री डेहरे ने कहा कि शहीद परिवार अपने आप को अलग-अलग ना समझें बल्कि अपने परिवार की तरह ही जिला प्रशासन को भी अपना समझें। कलेक्टर श्री डेहरे ने कहा कि हम आपके दुख दर्द में बराबर के सहभागी हैं, कोई भी समस्या होने पर बेझिझक बात कर सकते हैं । पुलिस अधीक्षक श्री बी.आर पटेल ने कहा कि हम हमेशा देश और समाज के लिए कुर्बान हुए शहीदों के परिवारों के साथ हैं ,हर कदम पर हम उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या होने पर हमसे तत्काल संपर्क कर सकते हैं । उन्होंने कलेक्टर एवं स्वयं का संपर्क नंबर भी शहीद के परिजनों को दिया। इस दौरान शहीद के परिजनों से बातचीत करते हुए अधिकारियों ने समस्याओं का जल्द समाधान करने का भरोसा दिलाया । ग्राम धमनी के शहीद अजय शर्मा के भतीजे ने खेल मैदान की जरूरत बताया। वही ग्राम सोरिद खुर्द के शहीद फणीश्वर सिन्हा के परिजन ने ट्रांसफार्मर की मांग की । भैसामुड़ा के शहीद होमेश्वर ठाकुर ने कहा कि उन्हें फिलहाल कोई समस्या नहीं है वही कामराज के शहीद कृष्ण कुमार के परिवार ने वृक्षारोपण करने जिला प्रशासन को आमंत्रित किया। बैठक में मौजूद परिवारों ने शहीद भवन बनाने की आवश्यकता बताई। कलेक्टर एवं एस.पी. द्वारा प्रस्ताव मांगने के पश्चात आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। वही अन्य परिवारों ने भी कहा कि फिलहाल उन्हें कोई परेशानी नहीं है। ज्ञात है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के 11 शहीदों के परिवार को आज साल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया । इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री जे आर चैरसिया एवं एडिशनल एसपी श्री सुखनंदन राठौर मौजूद थे ।
